वाराणसी की प्रमुख खबरें
ऑनलाइन लॉटरी के अंकों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ भेलूपुर पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने दशमी तिराहे के पास छापेमारी कर ऑनलाइन भाग्यलक्ष्मी वेबसाइट के माध्यम से जुआ खेल रहे 17 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से आठ मोबाइल फोन, चार कॉपियां, एक ब्लैक बोर्ड और 27,662 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार काशी की सनातन परंपरा और धार्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी कर रही है। देव दीपावली पर काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को इस बार 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के जरिए शहर के पौराणिक और आध्यात्मिक इतिहास से रूबरू कराया जाएगा। चेत सिंह घाट पर 25 मिनट का भव्य ‘काशी-कथा’ शो आयोजित होगा। इसमें गंगा की लहरों के बीच काशी की धार्मिक यात्रा, सनातन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की गाथा दृश्य-श्रव्य माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी। प्रांतीय मेले का दर्जा प्राप्त देव दीपावली इस वर्ष 24 नवंबर को मनाई जाएगी।
राजातालाब थाना क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत जमुनी और तिलंगा गांव के बीच शनिवार को बारात से लौट रही कार अनियंत्रित होकर शीशम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार 73 वर्षीय कृपा शंकर उपाध्याय की मौत हो गई, जबकि करीब 70 वर्षीय जीत नारायण शुक्ला और 30 वर्षीय चालक संगम चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दोनों घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के साथ यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। इसके लिए महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाए जाएं। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूहों का भी सहयोग लिया जाए। ये निर्देश शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने दिए। वह कमिश्नरी सभागार में मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में आयोजित स्किल दीक्षांत समारोह में वाराणसी की एक बेटी का उदाहरण देते हुए उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने बताया कि काशी की एक कामकाजी युवती ने उनसे कहा था कि वह रात 11 बजे भी काम खत्म करके आराम से अपने घर लौट जाती है। प्रधानमंत्री ने इस अनुभव को प्रदेश में बदले सुरक्षा के माहौल का उदाहरण बताया।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स के बढ़ते चलन के बीच उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य उत्पाद और उनकी सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने ई-कॉमर्स खाद्य कारोबारियों के लिए 24 बिंदुओं वाले नियामक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त डॉ. रोशन जैकब द्वारा जारी निर्देशों में लाइसेंसिंग, उत्पाद की ऑनलाइन जानकारी, भंडारण, शेल्फ लाइफ, डिलीवरी और विज्ञापनों से जुड़े मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
देव दीपावली पर काशी के घाटों की भव्यता इस बार आधुनिक तकनीक के रंग में भी नजर आएगी। चेत सिंह घाट पर विशेष लेजर और प्रोजेक्शन शो आयोजित करने की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए घाट पर तकनीकी उपकरण लगाने के साथ लाइट और साउंड सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। आयोजन स्थल को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने के लिए बैरिकेडिंग भी शुरू कर दी गई है। 24 नवंबर को होने वाले इस शो में प्रकाश और ध्वनि के माध्यम से काशी की पौराणिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गाथा जीवंत की जाएगी।
देव दीपावली पर काशी के दशाश्वमेध घाट पर आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। गंगा सेवा निधि की ओर से 24 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य देव दीपावली महोत्सव में 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूल-मालाओं से घाट को सजाया जाएगा। 21 अर्चक वैदिक रीति से भगवती मां गंगा की महाआरती करेंगे। समारोह में प्रख्यात गायक पद्मश्री अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर स्वरांजलि प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान देश के अमर बलिदानी सैनिकों और सुरक्षा बलों के जवानों की स्मृति में उन्हें भागीरथ शौर्य सम्मान के साथ ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
देव दीपावली पर काशी में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन का व्यापक खाका तैयार किया है। पूरे आयोजन क्षेत्र को सेक्टर और जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। 25 आईपीएस अधिकारियों, 50 डिप्टी एसपी और करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि घाटों से लेकर यातायात और पार्किंग तक हर व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।
देव दीपावली पर इस बार पूरी काशी आस्था और रोशनी के महासंगम की साक्षी बनेगी। गंगा के 84 घाटों से लेकर बाबा विश्वनाथ के दरबार तक दीपोत्सव की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर काशी विश्वनाथ धाम 21 हजार दीपों से जगमगाएगा। वहीं, देव दीपावली पर पूरे बनारस में देश-विदेश से करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है। इतनी बड़ी संख्या में संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
देव दीपावली पर काशी के गंगा घाटों की भव्यता के साथ गंगा की लहरों पर भी रोशनी का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। दीपोत्सव को यादगार बनाने के लिए नाविक समाज ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। गंगा में चलने वाली नावों, बजड़ों और क्रूज को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आकर्षक लाइटिंग से सजाया जा रहा है। नावों पर रंग-रोगन के साथ आधुनिक सजावटी उपकरण लगाए जा रहे हैं। शाम ढलते ही गंगा की लहरों के बीच रोशनी से सजी नावें पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेंगी।
भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में देश-विदेश के श्रद्धालुओं को उनके पवित्र अस्थि अवशेषों के दर्शन का दुर्लभ अवसर मिलेगा। 22 से 24 नवंबर तक मूलगंध कुटी विहार में भगवान बुद्ध के करीब ढाई हजार वर्ष पुराने अस्थि अवशेष श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखे जाएंगे। तीनों दिन सुबह छह से 11 बजे तक दर्शन किए जा सकेंगे। इस आयोजन में नौ देशों के बौद्ध भिक्षु और अनुयायी शामिल होंगे। वहीं, 22 नवंबर से कार्तिक पूर्णिमा तक सारनाथ के विभिन्न बौद्ध मंदिर 15 हजार दीपों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से जगमगाएंगे।
काशी भ्रमण पर आए सिंगापुर के एक विदेशी पर्यटक का लाखों रुपये की नकदी से भरा बैग वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में छूट गया। ट्रेन के यार्ड में पहुंचने के बाद सफाई के दौरान एक रेलवे कर्मचारी को यह बैग मिला। बैग में करीब दो लाख 11 हजार रुपये के साथ हजारों डॉलर भी रखे हुए थे। कर्मचारी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग को अपने पास रखने के बजाय रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया। बाद में यात्री की पहचान और पूछताछ के बाद उसे बैग समेत पूरी रकम सुरक्षित लौटा दी गई। रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी से अभिभूत विदेशी पर्यटक ने भारतीय रेलवे और यहां के कर्मचारियों की जमकर सराहना की।
काशी में देव दीपावली के भव्य आयोजन पर मौसम की मार पड़ने की आशंका है। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में 21 से 23 नवंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड बढ़ने के साथ कोहरे का असर भी तेज हो सकता है। गंगा के 84 घाटों को लाखों दीपों से रोशन करने की तैयारियों के बीच बारिश की आशंका ने आयोजकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
शहर में वैवाहिक आयोजनों और बारात के दौरान लगने वाले जाम, ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी समस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बारात संचालकों, मैरिज लॉन और बारात घर संचालकों के साथ ही डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी है। निर्देशों के मुताबिक बारात के दौरान सड़क के एक तिहाई से अधिक हिस्से पर कब्जा नहीं किया जा सकेगा। साथ ही रात 10 बजे के बाद डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
काशी की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने के लिए शहर के 20 और प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर कंपनी अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। परियोजना के पूरा होने के बाद इन चौराहों की 24 घंटे रीयल टाइम निगरानी काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। इससे सड़क हादसों, यातायात उल्लंघन, अपराध और जाम पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तस्वीर आने वाले दिनों में पूरी तरह बदलने वाली है। करीब 2,870 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे एयरपोर्ट के मेगा विस्तारीकरण के बाद यहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नया टर्मिनल भवन प्रतिवर्ष करीब 99 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने एयरपोर्ट पहुंचकर विस्तारीकरण परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे के नीचे बन रही विशेष टनल समेत विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का निर्देश दिया।
दो बेटियां होना क्या गुनाह है? क्या बेटियों की मां को अपने ही घर में रहने का अधिकार नहीं है? यह सवाल पति के घर के बाहर धरने पर बैठीं पिंकी पांडे का है। उनका आरोप है कि दो बेटियां होने के बाद पति और ससुराल के लोगों का व्यवहार उनके प्रति बदल गया। प्रताड़ना के बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया। वर्ष 2020 से वह अपने भाई के घर रह रही हैं और तभी से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई मदद नहीं मिली।
गंगा की लहरों पर थिरकती रोशनी, आसमान में गूंजते डमरू और शंख के मंगल स्वर, मंच से उठती भक्ति संगीत की धुनें और दर्शक दीर्घा से एक साथ गूंजता 'हर हर महादेव' का उद्घोष। कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार की शाम नमो घाट पर देखने को मिला, जब काशी गंगा महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। भक्ति, संगीत और आधुनिकता के अनूठे संगम ने महोत्सव की पहली शाम को यादगार बना दिया। भजनों की पारंपरिक मिठास जब आधुनिक बीट्स के साथ घुली तो दर्शक तालियां बजाकर झूम उठे। चार दिवसीय महोत्सव में गंगा का तट अब सुरों, साधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का साक्षी बनेगा।
पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें केंद्र व प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के मामले में काशी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वनिधि से समृद्धि अभियान के तहत 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में वाराणसी को देशभर में दूसरा स्थान मिला है। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में शहर को पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यह सम्मान प्रदान किया।